गोघाट में माकपा कार्यालय में तोड़फोड़ का आरोप, भाजपा पर लगा हमला कराने का आरोप
हुगली, 20 सितंबर (हि. स.)। हुगली के गोघाट में माकपा के पार्टी कार्यालय में तोड़फोड़, कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट और पार्टी के झंडे फाड़े जाने के आरोप के बाद रविवार को राजनीतिक तनाव बढ़ गया है। माकपा ने घटना के पीछे भाजपा समर्थित लोगों का हाथ होने का आरोप लगाया है। वहीं, भाजपा ने इन आरोपों को खारिज करते हुए पूरे मामले को माकपा की आंतरिक गुटबाजी का नतीजा बताया है।
माकपा के अनुसार, रविवार को गोघाट-1 एरिया कमेटी के पार्टी कार्यालय में सीटू की शाखा का सम्मेलन प्रस्तावित था। इसकी तैयारियां शनिवार रात से ही चल रही थीं। इसी दौरान गोघाट बकुलतला से रजिस्ट्री कार्यालय तक पार्टी के झंडे लगाए जा रहे थे।
आरोप है कि रजिस्ट्री कार्यालय इलाके में झंडे लगाए जाने के दौरान कुछ लोग वहां पहुंचे और माकपा कार्यकर्ताओं से झंडे हटाने को कहा। कार्यकर्ताओं के कथित तौर पर इनकार करने के बाद उनके साथ मारपीट की गई और झंडे जबरन हटा दिए गए। इसके बाद गोघाट-1 एरिया कमेटी के पार्टी कार्यालय में भी हमला और तोड़फोड़ किए जाने का आरोप है।
माकपा का आरोप है कि कार्यालय के दरवाजे और खिड़कियां तोड़ी गईं तथा अंदर मौजूद फर्नीचर और अन्य सामान को नुकसान पहुंचाया गया। सम्मेलन के लिए तैयार किए जा रहे भोजन की व्यवस्था को भी कथित तौर पर नष्ट कर दिया गया। कार्यालय के आसपास टूटे शीशे और ईंटों के टुकड़े बिखरे मिले। पार्टी कार्यालय के सामने लाल झंडा जलाए जाने का आरोप भी लगाया गया है। कार्यालय में लगे कुछ तस्वीरों और पार्टी से जुड़े स्मारक को भी नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है।
माकपा ने यह भी आरोप लगाया कि पार्टी के वरिष्ठ नेता और हुगली जिला किसान सभा के अध्यक्ष भास्कर राय के साथ मारपीट की गई और उनका मोबाइल फोन तोड़ दिया गया। घटना के बाद माकपा की ओर से गोघाट थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है।
दूसरी ओर, भाजपा विधायक ने घटना में भाजपा की किसी भी भूमिका से इनकार किया है। उनका दावा है कि यह विवाद सीपीएम के अंदरूनी गुटीय संघर्ष का परिणाम है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

