home page

गोघाट में भाजपा रैली पर हमले के आरोप के बाद थाने के सामने प्रदर्शन, राजनीतिक तनाव बढ़ा

 | 
गोघाट में भाजपा रैली पर हमले के आरोप के बाद थाने के सामने प्रदर्शन, राजनीतिक तनाव बढ़ा


हुगली, 27 अप्रैल (हि. स.)। जिले के गोघाट इलाके में चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा की रैली पर बाधा डालने और कई कार्यकर्ताओं पर हमले के आरोप को लेकर तनाव फैल गया है। इस घटना के विरोध में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गोघाट थाने के सामने विरोध प्रदर्शन किया।

इस प्रदर्शन का नेतृत्व गोघाट विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार प्रशांत दिगार और पुरसुरा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार विमान घोष ने किया। भाजपा का आरोप है कि हाल ही में चुनावी प्रचार के दौरान उनकी बाइक रैली को सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस समर्थकों द्वारा रोका गया और उस पर अचानक हमला किया गया।

पार्टी का दावा है कि इस हमले में कई भाजपा कार्यकर्ता घायल हुए हैं, जिन्हें स्थानीय स्वास्थ्य केंद्रों में प्राथमिक उपचार दिया गया। भाजपा नेताओं का कहना है कि घटना के बाद भी अब तक आरोपितों के खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई नहीं की गई है।

इसी को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने गोघाट थाने के सामने विरोध प्रदर्शन किया और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ निष्क्रियता के आरोप लगाते हुए नारेबाजी भी की।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा उम्मीदवार प्रशांत दिगार ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शाम तक आरोपितों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो पार्टी बड़े आंदोलन की शुरुआत करेगी। वहीं विमान घोष ने भी प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस और प्रशासन की जिम्मेदारी है, लेकिन इस मामले में ऐसा नहीं किया गया।

हालांकि इस मामले पर तृणमूल कांग्रेस की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। घटना के बाद क्षेत्र में राजनीतिक तनाव बढ़ गया है और स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय