home page

गोघाट में दो गुटों में हिंसक झड़प, कई घायल

 | 
गोघाट में दो गुटों में हिंसक झड़प, कई घायल


हुगली, 21 मई (हि.स.)। गोघाट में घर के सामने चालाघर (शेड) निर्माण को लेकर दो गुटों के बीच हिंसक झड़प होने से नबासन इलाका रणक्षेत्र में बदल गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर बांस और लाठियों से हमला करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद पूरे इलाके में भारी तनाव फैल गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए गोघाट थाना पुलिस और केंद्रीय बल मौके पर पहुंची।

आरोप है कि भाजपा जिला कमेटी के सदस्य तुष्टुपद कुंडु अपने घर के सामने एक चालाघर का निर्माण करवा रहे थे। इसी दौरान भाजपा के ही एक अन्य जिला कमेटी सदस्य शिशिर राय ने निर्माण को “अवैध” बताते हुए इसका विरोध किया।

बताया गया है कि दोनों पक्षों के बीच पहले तीखी बहस हुई और फिर मामला हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि शिशिर राय पर बांस और लाठियों से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।

हालांकि, तुष्टुपद कुंडु ने सभी आरोपों को खारिज कर दिया। उनका दावा है कि कोई अवैध निर्माण नहीं हो रहा था, बल्कि शिशिर राय अपने समर्थकों के साथ वहां पहुंचे और उन पर हमला किया। उन्होंने भी मारपीट का आरोप लगाया है।

घटना के बाद नबासन इलाके में भारी तनाव फैल गया। राजनीतिक तनाव को देखते हुए इलाके में पुलिस और केंद्रीय बल की तैनाती की गई। घायल दोनों भाजपा नेताओं को पहले गोघाट ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया। बाद में शिशिर राय की हालत बिगड़ने पर उन्हें आरामबाग मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया गया।

इस घटना के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में लंबे समय से भाजपा के दो गुटों के बीच वर्चस्व की लड़ाई चल रही थी और चालाघर निर्माण का मुद्दा उसी तनाव का कारण बन गया।

दोनों पक्षों ने गोघाट थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने भाजपा नेता तुष्टुपद कुंडु को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय