home page

सड़क हादसे में 10 लोग घायल, इलाके में हड़कंप

 | 
सड़क हादसे में 10 लोग घायल, इलाके में हड़कंप


हुगली, 03 जून (हि. स.)। अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे लोगों से भरी एक भुटभुटी (स्थानीय वाहन) के सड़क दुर्घटना का शिकार होने से 10 लोग घायल हो गए। यह हादसा हुगली जिले के गोघाट थाना अंतर्गत के हाजीपुर काठगोला इलाके में हुआ। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बुधवार को कुछ लोग एक मृतक के अंतिम संस्कार के लिए भुटभुटी वाहन से जा रहे थे। इसी दौरान हाजीपुर काठगोला इलाके में वाहन की एक पिकअप वैन से आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि भुटभुटी में सवार 10 लोग घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना पाकर गोघाट थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को पहले कामारपुकुर ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चार घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें आगे के इलाज के लिए आरामबाग मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया गया।

बताया गया है कि सभी घायल हाजीपुर क्षेत्र के निवासी हैं। उनका इलाज जारी है और चिकित्सक उनकी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।

पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय