home page

बकरी बचाने के प्रयास में कुएं में गिरकर युवक की मौत

 | 
बकरी बचाने के प्रयास में कुएं में गिरकर युवक की मौत


झाड़ग्राम, 25 जुलाई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम जिले के नयाग्राम थाना क्षेत्र के बिरिबेरिया गांव में कुएं में गिरी एक बकरी को बचाने के प्रयास में 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का वातावरण है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, शनिवार को गांव के एक कुएं में अचानक एक बकरी गिर गई। उसकी आवाज सुनकर गांव निवासी जयराम किस्कू (23) उसे बचाने के लिए बिना किसी सुरक्षा उपकरण के कुएं में उतरने लगे। इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे कुएं में जा गिरे।

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने युवक को निकालने का प्रयास किया, लेकिन कुएं की अधिक गहराई और प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण सफलता नहीं मिली। इसके बाद नयाग्राम थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने तत्काल झाड़ग्राम अग्निशमन केंद्र को सूचित किया।

सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की विशेष बचाव टीम मौके पर पहुंची और काफी देर तक चले अभियान के बाद युवक को कुएं से बाहर निकाला। हालांकि तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी।

युवक का शव पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। नयाग्राम थाना पुलिस ने घटना की जांच प्रारंभ कर दी है। एक बेजुबान पशु को बचाने के प्रयास में युवक की असमय मृत्यु से बिरिबेरिया गांव में मातम पसरा हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता