सांतरागाछी में दक्षिण पूर्व रेलवे महाप्रबंधक ने सुविधाओं का किया निरीक्षण
खड़गपुर, 18 जुलाई (हि. स.)। दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन ने शनिवार को सांतरागाछी स्थित विभिन्न रेल प्रतिष्ठानों और यात्री सुविधाओं का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आधारभूत संरचना, परिचालन व्यवस्था तथा चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने विद्युत लोको शेड का दौरा कर अनुरक्षण व्यवस्था, सुरक्षा मानकों तथा विद्युत इंजनों के रखरखाव का जायजा लिया। उन्होंने यांत्रिक धुलाई केंद्र का भी निरीक्षण कर यात्रियों को उपलब्ध कराए जाने वाले लिनन की गुणवत्ता और कार्यप्रणाली की समीक्षा की।उन्होंने कोचिंग डिपो का निरीक्षण कर कोचों के रखरखाव, स्वच्छता, सुरक्षा उपायों तथा परिचालन तैयारियों की जानकारी ली।
महाप्रबंधक ने सांतरागाछी रेलवे स्टेशन परिसर, प्लेटफार्मों, यात्री सुविधाओं तथा नवनिर्मित स्टेशन भवन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए स्वच्छता, यात्री सुविधा, सुरक्षा और परिचालन उत्कृष्टता के उच्च मानकों को बनाए रखने पर बल दिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर सुविधाओं और सेवाओं में और सुधार के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के समय दक्षिण पूर्व रेलवे मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। खड़गपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक ललित मोहन पांडेय सहित अन्य मंडलीय अधिकारी भी इस अवसर पर मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

