खड़गपुर मंडल और वर्कशॉप का महाप्रबंधक ने किया निरीक्षण
खड़गपुर, 26 मार्च (हि. स.)। दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार मिश्रा ने गुरुवार को खड़गपुर मंडल का दौरा कर विभिन्न परिचालन और विकासात्मक गतिविधियों का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
दौरे के दौरान महाप्रबंधक ने शालीमार–संतरागाछी–पांसकुड़ा–खड़गपुर रेलखंड का रियर विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेल पटरियों की स्थिति, सिग्नलिंग प्रणाली और मार्ग में मौजूद सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इसके बाद उन्होंने खड़गपुर वर्कशॉप का निरीक्षण किया। यहां महाप्रबंधक ने रिवाइंडिंग सेक्शन और हाल ही में नवीनीकृत ब्रेक वैन सेक्शन का जायजा लिया। साथ ही एनएमजीएचएस कोच रूपांतरण सुविधा और एलएचबी एसी कोच की पीरियॉडिकल ओवरहॉलिंग (पीओएच) व्यवस्था की भी समीक्षा की। इस अवसर पर उन्होंने कोच रखरखाव और आधुनिकीकरण में उच्च मानकों को बनाए रखने पर जोर दिया।
बाद में डीआरएम कार्यालय, खड़गपुर के वॉर रूम में आयोजित बैठक में महाप्रबंधक ने मंडल के प्रदर्शन और चल रही विकास योजनाओं की समीक्षा की। खड़गपुर मंडल के अधिकारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने सुरक्षा, परिचालन दक्षता और यात्रियों की सुविधाओं पर निरंतर ध्यान देने की आवश्यकता पर बल दिया।
इस दौरान महाप्रबंधक ने राजभाषा विभाग द्वारा तैयार पुस्तक “खड़गपुर मंडल: विरासत की नींव और आधुनिकता की उड़ान” का भी विमोचन किया।
दौरे के क्रम में महाप्रबंधक ने डीआरएम कार्यालय के पुनर्विकसित सर्कुलेटिंग एरिया का भी निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान मंडल और वर्कशॉप के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे और उन्होंने चल रहे विभिन्न कार्यों तथा भविष्य की विकास योजनाओं की जानकारी दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

