home page

गिरिश पार्क कांड में रविवार सुबह तक नौ गिरफ्तार

 | 
गिरिश पार्क कांड में रविवार सुबह तक नौ गिरफ्तार


कोलकाता, 15 मार्च (हि. स.)। गिरिश पार्क इलाके में भाजपा और तृणमूल कांग्रेस समर्थकों के बीच हुए हिंसक झड़प मामले में रविवार सुबह तक कुल नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, शनिवार रात तृणमूल और भाजपा ने लिखित शिकायत दर्ज कराई। हालांकि पुलिस ने उससे पहले ही स्वतः संज्ञान लेते हुए एक मामला दर्ज कर लिया था। झड़प में घायल दो पुलिसकर्मी अभी भी अस्पताल में इलाजरत हैं, जबकि घायल छह लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

उल्लेखनीय है कि शनिवार को ब्रिगेड मैदान में प्रधानमंत्री की सभा में शामिल होने जा रहे भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय तृणमूल कार्यकर्ताओं के बीच गिरिश पार्क इलाके में झड़प हो गई थी। इस दौरान राज्य के मंत्री शशि पांजा के घर पर भी हमले का आरोप लगाया गया। भाजपा समर्थकों पर हमले और दोनों पक्षों के बीच हुई पत्थरबाजी के कारण पूरा इलाका रणक्षेत्र में बदल गया। स्थिति को नियंत्रित करने के दौरान बउबाजार थाने के ओसी ईंट लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। तृणमूल कांग्रेस का आरोप है कि प्रधानमंत्री की सभा में जाने के दौरान भाजपा कार्यकर्ता-समर्थकों ने स्थानीय विधायक और मंत्री शशि पांजा के घर पर हमला किया, जिसके बाद इलाके में तनाव फैल गया और जवाबी हमले का आरोप तृणमूल पर भी लगा। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच जमकर पत्थर और ईंटें फेंकी जाने लगीं, जिसमें कई भाजपा समर्थक घायल हो गए।

सूचना मिलने पर भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की।

भाजपा का दावा है कि उनकी शांतिपूर्ण रैली पर तृणमूल समर्थित असामाजिक तत्वों ने सुनियोजित हमला किया। वहीं, तृणमूल का कहना है कि इलाके में उकसावे की स्थिति पैदा करते हुए मंत्री के घर पर हमला किया गया।

इस पूरे घटनाक्रम के सिलसिले में रविवार सुबह तक नौ लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय