home page

दिलीप घोष ने ममता बनर्जी की स्थिति की तुलना डोनाल्ड ट्रंप से की

 | 
दिलीप घोष ने ममता बनर्जी की स्थिति की तुलना डोनाल्ड ट्रंप से की


पूर्व मेदिनीपुर, 02 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में मतगणना से पहले भाजपा नेता दिलीप घोष ने संभावित अशांति को लेकर विवादित टिप्पणी की है। पूर्व मेदिनीपुर जिले के मेचेदा में आयोजित भाजपा की एक चुनावी कार्यशाला के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि, “दो चरणों में मतदान हो चुका है, खेला हो चुका है और अब नतीजे आना बाकी हैं।”

घोष ने कहा, “ममता बनर्जी एक तानाशाही मंत्री है। सत्ता उनके लिए सर्वोपरि है, और सत्ता जब हाथ से छिन रही है तो कुछ भी करने को तैयार हैं। अभी उनकी हालत डोनाल्ड ट्रंप की तरह हो गई है। जब सत्ता हाथ से निकलती दिखाई देती है तो वे किसी भी हद तक जाने को तैयार हो सकती हैं।”उन्होंने आशंका जताई कि मतगणना के दिन भी किसी अप्रिय घटना की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

मेचेदा के एक गेस्ट हाउस में आयोजित इस बैठक में अविभाजित मेदिनीपुर क्षेत्र की 35 विधानसभा सीटों के उम्मीदवार, एजेंट और भाजपा के कई नेता मौजूद थे। बैठक में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य, सांसद दिब्येंदु अधिकारी, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) सुनील बंसल तथा भाजपा नेता अमित मालवीय सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

बैठक के बाद दिलीप घोष ने दावा किया कि पहले चरण के मतदान के बाद ही तृणमूल कांग्रेस को यह आभास हो गया था कि वह पीछे चल रही है, इसलिए दूसरे चरण में गड़बड़ी की कोशिश की गई। उन्होंने आशंका जताई कि मतगणना के दिन भी अशांति की स्थिति बन सकती है, क्योंकि हार स्वीकार करना कुछ लोगों के लिए कठिन हो सकता है।

वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि मतगणना से जुड़े मुद्दे पर राज्य सरकार द्वारा दायर मामलों के खर्च को लेकर भविष्य में सवाल उठाए जाएंगे। उनका कहना था कि जनता पहले ही तृणमूल कांग्रेस को नकार चुकी है और मुकदमों के जरिए स्थिति नहीं बदली जा सकती।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता