नदी में मछली पकड़ते समय युवक की मौत
पश्चिम मेदिनीपुर, 13 अगस्त (हि. स.)। जिले के घाटाल थाना क्षेत्र में झूमी नदी में मछली पकड़ने गए एक युवक की तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मृतक की पहचान सुजीत सिंह (32) के रूप में हुई है। वह घाटाल थाना अंतर्गत आमोदकरूल का निवासी था।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह सुजीत झूमी नदी में मछली पकड़ रहा था। उसी दौरान उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह नदी किनारे ही गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे उठाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पाकर घाटाल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिवार के अनुसार, सुजीत पिछले कई वर्षों से क्षय रोग से पीड़ित था। वह तीन राज्यों में सुनार का काम करता था। उसके परिवार में पत्नी, एक नाबालिग पुत्र और पुत्री हैं। घटना के बाद परिवार और इलाके में शोक का माहौल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

