ट्रक से कुचलकर बाइक सवार की मौत
पश्चिम मेदिनीपुर, 09 मार्च (हि.स.)। जिले के घाटाल–पांशकुड़ा राजमार्ग पर सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक वृद्ध की मौत हो गई। मृतक की पहचान रामपदो दोलाई (70) के रूप में हुई है। वह घाटाल के बारगोबिंदो मंदारपुर के निवासी बताए गए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार हेलमेट पहनकर अपनी लेन में जा रहे थे। तभी तेज रफ्तार से आ रहे चावल से लदे एक ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक बाइक सवार के सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
सूचना मिलने पर घाटाल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए घाटाल महकमा अस्पताल भेज दिया। दूसरी तरफ, पुलिस ने पीछा कर भागते हुए ट्रक को घाटाल के निमतला चौक के पास जब्त कर लिया, हालांकि चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि घाटाल–पांशकुड़ा राजमार्ग काफी व्यस्त सड़क है, लेकिन यहां पर्याप्त पुलिस निगरानी नहीं रहती। लोगों का आरोप है कि आए दिन इस मार्ग पर हादसे होते रहते हैं, इसलिए ट्रैफिक नियंत्रण और पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने की जरूरत है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

