करंट लगने से महिला की मौत, पति गंभीर रूप से घायल
पश्चिम मेदिनीपुर, 26 जून (हि. स.)। जिले के घाटाल थाना अंतर्गत प्रसादचक गांव में शुक्रवार सुबह करंट लगने से एक गृहिणी की मौत हो गई। पत्नी को बचाने गए पति भी बिजली की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार, शुक्रवार सुबह गृहिणी घर के बाहर भीगे कपड़े फैलाने गई थीं। इसी दौरान वह अचानक बिजली के संपर्क में आ गईं और करंट लगने से चीखने लगीं। आवाज सुनकर उन्हें बचाने पहुंचे पति भी बिजली की चपेट में आ गए।
परिवार के सदस्य और स्थानीय लोगों ने दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल पति का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

