बस की चपेट में आने से युवक की मौत
मेदिनीपुर, 06 सितंबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले के घाटाल में सड़क पार करते समय बस की चपेट में आने से 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान घाटाल शहर के दो नंबर वार्ड निवासी आकाश राय के रूप में हुई है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, आकाश घाटाल के एक दंत चिकित्सक के कक्ष में काम करते थे। शनिवार रात करीब नौ बजे वह घाटाल के विवेकानंद मोड़ के पास सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान हावड़ा जा रही ‘लक्ष्मी नारायण’ नामक बस की चपेट में आ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस का पहिया आकाश के चेहरे और शरीर के ऊपर से गुजर गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल घाटाल अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
आकाश की मौत की खबर मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। उनके पीछे पत्नी और एक पुत्री हैं। उनके बड़े भाई सुरजीत राय घाटाल योगदा सत्संग विद्यालय में लिपिक के पद पर कार्यरत हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

