home page

सबंग में गैस सिलेंडर विस्फोट से भीषण आग, महिला गंभीर रूप से झुलसी

 | 
सबंग में गैस सिलेंडर विस्फोट से भीषण आग, महिला गंभीर रूप से झुलसी


पश्चिम मेदिनीपुर, 05 फरवरी (हि.स.)। जिले के सबंग प्रखंड अंतर्गत नेधुआ गांव में गुरुवार सुबह गैस सिलेंडर फटने से भयावह आग लग गई। हादसे में एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई, जबकि घर का सारा सामान जलकर राख हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नेधुआ गांव निवासी निखिल सामंत के घर रसोई में खाना बनाते समय यह घटना हुई। इसी दौरान गैस पाइप में अचानक लीकेज होने से जोरदार विस्फोट हुआ और आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दमकल के पहुंचने से पहले आग बुझाने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही सबंग थाना पुलिस तथा दमकल विभाग की एक गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

हालांकि, तब तक रसोई घर, फर्नीचर समेत घर का अधिकांश कीमती सामान जलकर नष्ट हो चुका था। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस हादसे में सामंत परिवार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।

आग की चपेट में आने से राधारानी सामंत के हाथ और शरीर का अन्य हिस्सा गंभीर रूप से झुलस गया। उन्हें तत्काल स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है।

पुलिस और दमकल विभाग ने घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर गैस पाइप में तकनीकी खराबी को हादसे की वजह माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता