home page

आसनसोल में उफनती गारुई नदी में स्कूटी समेत बहा युवक, तलाश जारी

 | 
आसनसोल में उफनती गारुई नदी में स्कूटी समेत बहा युवक, तलाश जारी


आसनसोल में उफनती गारुई नदी में स्कूटी समेत बहा युवक, तलाश जारी


पश्चिम बर्दवान, 18 अगस्त (हि. स.)। आसनसोल में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच 18 वर्षीय युवक मोहमद रियाज गारुई नदी के तेज बहाव में स्कूटी समेत बह गया। सोमवार देर रात हुई इस घटना के बाद से रियाज का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। परिजन और स्थानीय लोग लगातार उसकी तलाश में जुटे हैं।

जानकारी के मुताबिक, रियाज मेला कोला राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित एक लाइन होटल में काम करता था। सोमवार रात करीब 12 बजे काम खत्म करने के बाद वह स्कूटी से अपने घर सीतारामपुर लौट रहा था। इसी दौरान पेप्सी फैक्ट्री के पीछे स्थित बोका बाबा मंदिर के पास गारुई नदी के तेज बहाव वाले रास्ते को पार करने के दौरान हादसा हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब 11:30 बजे से 12 बजे के बीच रियाज स्कूटी लेकर पुल पार कर रहा था। पुल पार करने के बाद तेज पानी के बहाव में स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया जिससे वह स्कूटी समेत नदी के पानी में बह गया।

परिजनों के अनुसार, रियाज रोजाना रात करीब 12 बजे तक काम खत्म कर घर लौट आता था। सोमवार रात काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। होटल, दोस्तों और परिचितों से पूछताछ करने पर पता चला कि रियाज स्कूटी लेकर घर के लिए निकल चुका था। इसके बाद परिजनों ने रातभर संभावित इलाकों में खोजबीन की। मंगलवार को बराचक, रेलपार और कालीपहाड़ी सहित आसपास के क्षेत्रों में भी उसकी तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अंततः परिजनों ने नियामतपुर पुलिस चौकी में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।

लगातार हो रही भारी बारिश के कारण गारुई नदी का जलस्तर और बहाव काफी तेज बताया जा रहा है। ऐसे में नदी में युवक की तलाश करना चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। परिवार को अब भी रियाज के सुरक्षित मिलने की उम्मीद है।

फिलहाल परिजनों और स्थानीय लोगों की नजर पुलिस तथा संभावित बचाव अभियान पर टिकी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा