गलसी के आरएस एग्रो राइस मिल में भयावह आग, विधायक राजू पात्रा ने लिया जायजा
पूर्व बर्दवान, 16 जुलाई (हि.स.)। गलसी स्थित आरएस एग्रो राइस मिल में गुरुवार को भयावह आग लगने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने राइस मिल के एक बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया।
सूत्रों के अनुसार, गुरुवार सुबह स्थानीय लोगों ने आरएस एग्रो राइस मिल में आग लगते देखा। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। घटना की सूचना पाकर दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकल कर्मियों ने स्थानीय प्रशासन एवं ग्रामीणों के सहयोग से घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय पर आग पर काबू पाने तथा फैलने से रोकने कारण एक बड़ी दुर्घटना टल गई। इस अग्निकांड में मिल को भारी आर्थिक नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
मौके पर गलसी के विधायक राजू पात्रा ने पहुंचकर राइस मिल का निरीक्षण किया और नुकसान का जायजा लिया। विधायक ने दमकल कर्मियों, प्रशासन और स्थानीय लोगों द्वारा आग पर काबू पाने के लिए किए गए प्रयासों की सराहना करते हुए सभी का आभार व्यक्त किया।
विधायक राजू पात्रा ने कहा कि यह घटना बेहद दुखद है। उन्होंने कहा कि नुकसान का आकलन कर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का अनुरोध किया जाएगा। जल्द ही स्थिति सामान्य होगी और प्रभावित लोगों को राहत मिलेगी। आग में राइस मिल में रखे धान, चावल, मशीनरी तथा अन्य सामग्री को काफी नुकसान पहुंचा है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस और प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है। ---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

