home page

गाइघाटा में धान के खेत से मिला किसान का क्षत-विक्षत शव, विवाहेतर संबंध को लेकर विवाद की आशंका

 | 

उत्तर 24 परगना, 28 अक्टूबर (हि. स.)। जिले के गाइघाटा में एक किसान की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। बुधवार दोपहर बर्णबेरिया के राजवंशीपाड़ा स्थित धान के खेत से किसान का क्षत-विक्षत शव बरामद किया गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने इस मामले में नाड़ूगोपाल विश्वास नामक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मृतक की पहचान बासुदेव दास (43) के रूप में हुई है। वह गाइघाटा थाना अंतर्गत नोड़ादह इलाके के निवासी थे।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बासुदेव राजवंशीपाड़ा में पट्टे पर ली गई जमीन पर जवा फूल की खेती करते थे। बुधवार सुबह वह अपनी खेती की देखभाल करने के लिए खेत पहुंचे थे। बताया जाता है कि उनकी जमीन के ठीक पास नाड़ूगोपाल विश्वास की जमीन है।

आरोप है कि खेत में अकेला पाकर बासुदेव पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला किया गया, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। बाद में वहां से गुजर रहे अन्य किसानों ने खेत में उनका रक्तरंजित शव देखा और स्थानीय लोगों को इसकी सूचना दी। सूचना पाकर गाइघाटा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर जांच शुरू की।

मृतक की पत्नी दीपा दास ने नाड़ूगोपाल विश्वास और उसकी पत्नी ऋतुपर्णा विश्वास पर साजिश के तहत उनके पति की हत्या कराने का आरोप लगाया है। दीपा का दावा है कि उनके पति और ऋतुपर्णा के बीच संबंध होने की बात उन्होंने सुनी थी, हालांकि इसकी उन्हें पूरी जानकारी नहीं थी।

दीपा के अनुसार, उनके पति ने नाड़ूगोपाल और ऋतुपर्णा को काफी रुपये दिए थे। कुछ समय से वह अपने रुपये वापस मांग रहे थे। आरोप है कि रुपये लौटाने के बजाय उनसे और पैसे मांगे जा रहे थे। इसी बात को लेकर विवाद भी हुआ था। मृतक की पत्नी को आशंका है कि इसी विवाद के कारण उनके पति की हत्या की गई।

हालांकि, हत्या के पीछे विवाहेतर संबंध या रुपये के लेनदेन की भूमिका की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष कुमार