गाइघाटा की घटना पर मंत्री दिलीप घोष की कड़ी प्रतिक्रिया, बोले- कानून से ऊपर कोई नहीं
उत्तर 24 परगना, 27 अक्टूबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के मंत्री दिलीप घोष ने गाइघाटा की घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि कोई भी कानून से ऊपर नहीं है। कानून का उल्लंघन करने पर क्या परिणाम हो सकते हैं, यह घटना एक बार फिर इसकी याद दिलाती है।
मंगलवार सुबह पत्रकारों से बातचीत में दिलीप घोष ने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है। यदि कोई कानून का उल्लंघन करता है, तो उसके साथ ऐसा ही होगा। उन्होंने कहा कि लोगों को न्याय दिलाना होगा। लोगों का पुलिस पर से भरोसा उठ गया है। विश्वास बहाल करने के लिए पुलिस को कुछ अप्रिय कदम उठाने होंगे।
इस तरह की घटनाओं के बाद क्या दुष्कर्म की घटनाएं कम होंगी, इस सवाल पर मंत्री ने कहा कि बंगाल में कई वर्षों से कानून का शासन नहीं है। कानून की स्थापना होने पर सभी में भय पैदा होगा।
उल्लेखनीय है कि गत रविवार को गाइघाटा में एक किशोरी का क्षत-विक्षत शव बरामद किया गया था। शव पड़ोस के एक घर से निर्वस्त्र अवस्था में मिला था। परिवार का आरोप है कि किशोरी के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या की गई। परिवार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्रह्लाद दास को गिरफ्तार किया था।
बताया गया है कि आरोपित व्यक्ति उसी परिवार का रिश्तेदार था। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और आरोपित को कड़ी सजा देने की मांग पर प्रदर्शन हुए। पुलिस ने मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया था।
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात घटना का पुनर्निर्माण कराने के लिए आरोपित को घटनास्थल पर ले जाया गया था। पुलिस का दावा है कि पुनर्निर्माण के बाद लौटते समय प्रह्लाद ने सर्विस रिवॉल्वर छीनकर भागने की कोशिश की। उसे रोकने का प्रयास करने पर उसने पुलिसकर्मियों पर अंधाधुंध गोलियां चलानी शुरू कर दीं। इस दौरान एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार, आत्मरक्षा में पुलिसकर्मियों ने जवाबी गोलीबारी की, जिसमें आरोपित युवक गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल बनगांव सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

