फुरफुरा शरीफ में 'जय इस्लाम' और 'जय श्रीराम' के नारे से सियासी हलचल, तोहा सिद्दीकी ने दिया सांप्रदायिक सौहार्द का संदेश
हुगली, 29 नवंबर (हि. स.)। जिले के जांगीपाड़ा स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल फुरफुरा शरीफ में 'जय इस्लाम' और 'जय श्रीराम' के नारों को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में फुरफुरा शरीफ के पीरजादा तोहा सिद्दीकी एक व्यक्ति को गले लगाकर 'जय इस्लाम' का नारा लगाते दिखाई दे रहे हैं। वहीं, उनके पास खड़े एक अन्य व्यक्ति को जवाब में 'जय श्रीराम' का नारा लगाते सुना जा रहा है। हालांकि हिन्दुस्थान समाचार वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है।
वीडियो में तोहा सिद्दीकी यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि हम दूध में चीनी की तरह मिलकर रहेंगे और नफरत फैलाने वालों को सफल नहीं होने देंगे। उन्होंने हिंदू-मुस्लिम एकता और आपसी भाईचारे का संदेश देते हुए कहा कि राजनीति अपनी जगह है, लेकिन समाज के लोगों को आपसी प्रेम और सद्भाव के साथ रहना चाहिए।
इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए ताहा सिद्दीकी ने कहा कि हिंदू समुदाय का कोई व्यक्ति 'जय श्रीराम' बोल सकता है और मुस्लिम समुदाय का कोई व्यक्ति 'जय इस्लाम' कह सकता है। यह प्रत्येक व्यक्ति की अपनी धार्मिक स्वतंत्रता है। किसी को भी दूसरे धर्म का नारा लगाने के लिए मजबूर नहीं किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि हिंदू मंदिरों में जाएं और मुसलमान मस्जिदों में, लेकिन किसी को भी दूसरे के धर्म के प्रति बाधा या अपमानजनक व्यवहार नहीं करना चाहिए। उनके अनुसार, बंगाल में हिंदू और मुसलमान पहले भी साथ रहते आए हैं और आगे भी साथ रहेंगे।
फिलहाल फुरफुरा शरीफ का यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

