home page

पुलिस पर फायरिंग करने वाले प्रताप दास गिरफ्तार

 | 
पुलिस पर फायरिंग करने वाले प्रताप दास गिरफ्तार


आसनसोल, 27 नवंबर (हि.स.)।

पश्चिम बर्दवान जिले के आसनसोल में फरार आरोपि त को पकड़ने गई पुलिस के साथ शुक्रवार सुबह मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में प्रताप दास नामक आरोपित के दाहिने पैर में गोली लगी है। घायल अवस्था में उसे इलाके के ही एक मकान से गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, आसनसोल के हीरापुर थाना अंतर्गत इस्माइल इलाके में एक मकान में छिपे आरोपित ने पुलिस को देखते ही गोली चलाने का प्रयास किया। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें प्रताप दास के दाहिने पैर में गोली जा लगी। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया और तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।

उल्लेखनीय है कि पुलिस ने गुरुवार को ही इस्माइल इलाके में प्रताप दास की तलाश में अभियान चलाया था। उस दौरान वह पुलिस को निशाना बनाकर फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गया था। शुक्रवार को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि प्रताप इस्माइल क्षेत्र के ही एक घर में छिपा हुआ है और स्थानीय स्तर पर उसे हथियार के साथ देखा गया है। इस सूचना के आधार पर शुक्रवार सुबह से ही हीरापुर थाना पुलिस के नेतृत्व में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने संयुक्त अभियान शुरू किया, जिसके बाद यह मुठभेड़ हुई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा