खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर कार्रवाई, भद्रेश्वर की बेकरी में जड़ा ताला
हुगली, 01 सितंबर (हि. स.)। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद जिले में खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए अभियान तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में मंगलवार को हुगली जिला स्वास्थ्य विभाग के फूड सेफ्टी अधिकारियों ने भद्रेश्वर में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। अभियान में भद्रेश्वर नगरपालिका के ईओ और पुलिस अधिकारी भी शामिल रहे।
अधिकारियों ने भद्रेश्वर के एक नामी मिष्ठान्न प्रतिष्ठान की दुकान और कारखाने में भी जांच की। कारखाने में चिपचिपा तेल और गंदगी मिलने पर संचालक को व्यवस्था सुधारने के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया।
इसके बाद अधिकारियों ने भद्रेश्वर की एक बेकरी में निरीक्षण किया, जहां खाद्य सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी सामने आई। बेकरी में मक्खियां भिनभिना रही थीं, जबकि काम करने वाले कारीगरों के हाथों में दस्ताने, सिर पर कैप और चेहरे पर मास्क नहीं थे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि बिस्कुट बनाने में अंडे का इस्तेमाल किया जा रहा था, लेकिन पैकेट पर इसका उल्लेख नहीं था। बेकरी में भट्ठी भी चल रही थी, जबकि फायर लाइसेंस नहीं होने की बात सामने आई। गंदगी और मकड़ी के जाले के बीच ही बिस्कुट, टोस्ट और ब्रेड तैयार किए जा रहे थे। अधिकारियों ने खाद्य पदार्थों में हानिकारक रंग के इस्तेमाल की भी बात कही।
फूड सेफ्टी अधिकारियों ने बेकरी से बिस्कुट के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए। साथ ही संचालक को खाद्य सुरक्षा से संबंधित सभी निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने का निर्देश दिया गया।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बेकरी फिलहाल बंद रहेगी और साफ-सफाई तथा आवश्यक खाद्य सुरक्षा मानकों को पूरा किए बिना इसे दोबारा खोलने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
बेकरी के मालिक ने अधिकारियों को आश्वासन दिया कि सभी निर्देशों का पालन किया जाएगा। वहीं, बेकरी के कारीगरों ने भी खाद्य सुरक्षा व्यवस्था में खामियां होने की बात स्वीकार की।
यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब राज्य में फूड सेफ्टी सप्ताह की शुरुआत हुई है। मुख्यमंत्री द्वारा जिलों में खाद्य प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच के निर्देश के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने निरीक्षण अभियान तेज किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

