home page

अभिषेक बनर्जी सहित 23 लोगों के खिलाफ मिट्टी चोरी मामले में एफआईआर, भाजपा नेता ने लगाए 300 करोड़ रुपये घोटाले के आरोप

 | 
अभिषेक बनर्जी सहित 23 लोगों के खिलाफ मिट्टी चोरी मामले में एफआईआर, भाजपा नेता ने लगाए 300 करोड़ रुपये घोटाले के आरोप


हुगली, 16 जून (हि.स.)। डायमंड हार्बर के भाजपा नेता अभिजीत विश्वास उर्फ बॉबी ने तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी, उनके सहयोगी सुमित राय तथा बिष्णुपुर के विधायक दिलीप मंडल समेत कुल 23 लोगों के खिलाफ कथित रूप से अवैध मिट्टी कटाई और बिक्री के मामले में एफआईआर दर्ज कराई है।

अभिजीत विश्वास ने आरोप लगाया है कि संबंधित व्यक्तियों ने अवैध रूप से मिट्टी की कटाई कर उसकी बिक्री की, जिससे लगभग 300 करोड़ रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ। इस संबंध में सोमवार रात कालीतला-आशुलिया थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।

भाजपा नेता ने दावा किया कि शिकायत के समर्थन में उन्होंने क्षेत्र की कई सैटेलाइट तस्वीरें भी पुलिस को सौंपी हैं। उनके अनुसार, इन तस्वीरों से यह स्पष्ट होता है कि किन स्थानों से मिट्टी काटी गई और इससे भूमि को कितना नुकसान पहुंचा।

अभिजीत विश्वास ने इससे पहले वर्ष 2020 में आए चक्रवात अम्फान के दौरान राहत सामग्री के रूप में लाई गई तिरपालों को कथित रूप से तृणमूल कांग्रेस के पार्टी कार्यालयों में अवैध रूप से जमा रखने का आरोप भी लगाया था। उस मामले में भी उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए लगभग 250 करोड़ रुपये की वित्तीय अनियमितता का आरोप लगाया था।

वर्तमान मामले में भाजपा नेता का आरोप है कि मिट्टी कटाई और बिक्री का कार्य संगठित रूप से किया गया। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक आरोपित पक्ष की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।

पुलिस ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि की है। मामले की जांच के बाद ही आरोपों की सत्यता स्पष्ट हो सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय