क्रांतिकारी रासबिहारी बोस के पैतृक घर के पास सार्वजनिक शौचालय बनाए जाने के आरोप पर विधानसभा में हंगामा
कोलकाता, 24 जुलाई (हि. स.)। पूर्वस्थली उत्तर से भाजपा विधायक गोपाल चटर्जी ने विधानसभा में आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में क्रांतिकारी रासबिहारी बोस के पैतृक घर के परिसर में सुलभ शौचालय बना दिया गया है। उन्होंने इसे महान स्वतंत्रता सेनानी का अपमान बताते हुए कड़ी आपत्ति जताई।
विधानसभा में पर्यटन विभाग पर चर्चा के दौरान भाजपा विधायक गोपाल चटर्जी ने कहा, “रासबिहारी बोस के पैतृक घर के परिसर में सुलभ शौचालय बना दिया गया है। यह अत्यंत शर्मनाक है। तृणमूल कांग्रेस सरकार को इसके लिए धिक्कार है। महापुरुष का इतना बड़ा अपमान तृणमूल के अलावा कोई नहीं कर सकता। उन्होंने पर्यटन मंत्री शंकर घोष से अनुरोध किया कि 15 अगस्त से पहले बुलडोजर चलाकर उस सुलभ शौचालय को हटाया जाए।“
विधानसभा में यह मुद्दा उठने के बाद राज्य के पर्यटन विभाग ने मामले पर संज्ञान लिया। पर्यटन मंत्री शंकर घोष ने कहा कि विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दे दिए गए हैं।
पूरे मामले पर संबंधित जिलाधिकारी से विस्तृत रिपोर्ट भी मांगी गई है। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट मिलने के बाद कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि, इस मामले में सार्वजनिक शौचालय वास्तव में रासबिहारी बोस के पैतृक घर के भीतर है या उसके निकट स्थित है, इस संबंध में आधिकारिक जांच और जिला प्रशासन की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

