home page

सिलीगुड़ी में चार संदिग्ध लिए गए हिरासत में

 | 
सिलीगुड़ी में चार संदिग्ध लिए गए हिरासत में


सिलीगुड़ी, 17 मार्च (हि. स.)। सिलीगुड़ी शहर एक बड़ी आपराधिक घटना से बाल-बाल बच गया। हिलकार्ट रोड स्थित एक होटल में ठहरे चार संदिग्ध युवकों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बिहार के चंपारण निवासी रिजवान आलम, आजाद आलम, एमडी इमरान अख्तर और सेर एमडी के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के मुताबिक, ये चारों सोमवार से होटल में ठहरे हुए थे और अपने कमरे से बाहर नहीं निकल रहे थे। उनके इस असामान्य व्यवहार से होटल कर्मचारियों को शक हुआ, जिसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

मंगलवार को सिलीगुड़ी थाना, स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) और खालपाड़ा चौकी की टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी कर चारों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके कमरे से दस से अधिक एटीएम कार्ड और करीब 84 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए गए।

प्राथमिक जांच में पुलिस को एटीएम फ्रॉड या लूट की साजिश का शक है। यह भी आशंका जताई जा रही है कि शहर में किसी बड़ी वारदात की योजना बनाई जा रही थी। फिलहाल पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर पूरे गिरोह और उनकी योजना का पता लगाने में जुटी है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार