एनजेपी स्टेशन पर ट्रेन से चार संदिग्ध घुसपैठिए गिरफ्तार
सिलीगुड़ी, 19 सितंबर (हि.स.)। न्यू जलपाईगुड़ी (एनजेपी) रेलवे स्टेशन पर घुसपैठ के संदेह में रेलवे पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि चारों म्यांमार के रहने वाले हैं और लंबे समय से बांग्लादेश में रह रहे थे।
रेलवे पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि चारों संदिग्ध सीमा पार कर ट्रेन के जरिए पंजाब जाने की कोशिश कर रहे हैं। सूचना मिलने के बाद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने इसकी जानकारी रेलवे पुलिस को दी।
इसके बाद रेलवे पुलिस ने संयुक्त रूप से शुक्रवार देर रात त्रिपुरा सुंदरी एक्सप्रेस के एनजेपी स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर छह पर पहुंचते ही सामान्य डिब्बे में तलाशी अभियान शुरू किया। इसी दौरान चारों संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। बाद में उन्हें आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए जीआरपी के हवाले कर दिया गया। फिलहाल जीआरपी मामले की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

