जलपाईगुड़ी जिला स्कूल के प्रधान शिक्षक से मारपीट मामले में चार छात्र हिरासत में
जलपाईगुड़ी, 12 सितंबर (हि.स.)। जलपाईगुड़ी जिला स्कूल के प्रधान शिक्षक के साथ मारपीट के मामले में पुलिस ने चार छात्रों को हिरासत में लिया है। कोतवाली थाने की पुलिस ने पहले एक छात्र को हिरासत में लिया था, जबकि शनिवार को तीन अन्य छात्रों को भी हिरासत में लिया गया। इस तरह मामले में हिरासत में लिए गए छात्रों की संख्या चार हो गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, चारों छात्रों को शनिवार को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के समक्ष पेश किया जाएगा। वहीं, घटना में कथित रूप से शामिल छात्रों को स्कूल की ओर से टीसी (ट्रांसफर सर्टिफिकेट) भी दिए जाने की जानकारी सामने आई है।
उल्लेखनीय है कि शिक्षक दिवस के दिन की एक घटना को लेकर जलपाईगुड़ी जिला स्कूल में प्रधान शिक्षक और छात्रों के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि इसके बाद कुछ छात्रों ने प्रधान शिक्षक के साथ मारपीट की, जिसमें वह घायल हो गए। घटना के बाद कोतवाली थाने की पुलिस ने जांच शुरू की। पहले एक छात्र को हिरासत में लिया गया। बाद में जांच में तीन और छात्रों के नाम सामने आने के बाद उन्हें भी हिरासत में ले लिया गया।
गौरतलब है कि शुक्रवार को स्कूल शिक्षा मंत्री दीपक बर्मन ने जलपाईगुड़ी जिला स्कूल का दौरा किया था। उन्होंने स्कूल प्रबंधन समिति, शिक्षकों और विभिन्न स्कूलों के प्रधान शिक्षकों के साथ बैठक की थी। मंत्री ने घटना में शामिल छात्रों की पहचान कर उन्हें टीसी देने का निर्देश दिया था। इसके बाद चारों आरोपित छात्रों को टीसी दिए जाने की बात सामने आई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

