चार गाड़ियों की भिड़ंत में चार घायल
सिलीगुड़ी, 06 अगस्त (हि. स.)। फुलबाड़ी-आमबाड़ी तीस्ता कैनाल रोड पर गुरुवार को एक के बाद एक चार गाड़ियों की टक्कर हो गई। जिसमें चार लोग घायल हो गए। दुर्घटना पुटीमारी के पास लक्षीजोत डांगापाड़ा इलाके में हुई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, आमबाड़ी की ओर से एक पार्सल वाहन फुलबाड़ी की तरफ आ रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे ऑक्सीजन सिलेंडर से लदे एक मालवाहक वाहन से उसकी आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर के बाद एक वाहन अनियंत्रित होकर पीछे चल रही एक यात्री गाड़ी के ऊपर चढ़ गया, जिससे कुल चार वाहन दुर्घटना की चपेट में आ गए। घटना की सूचना पाकर कैनाल रोड ट्रैफिक आउटपोस्ट की पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में एनजेपी थाने की पुलिस भी पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य किया। इस हादसे में चार लोग मामूली रूप से घायल हुए है। पुलिस ने घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

