तपन में चार जिंदा बम बरामद, इलाके में दहशत
दक्षिण दिनाजपुर, 05 मई (हि. स.)। जिले के तपन ब्लॉक में विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों के बाद तनाव के बीच मंगलवार को चार जिंदा बम बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया है।
सूत्रों के अनुसार, चौऱंगी मोड़ इलाके में एक हाईमास्ट लाइट के नीचे लगे बैनर के पीछे एक लावारिस बैग पर स्थानीय लोगों की नजर पड़ी। बैग की जांच करने पर उसमें से दो जिंदा बम बरामद हुए। इसके कुछ ही देर बाद पास की एक लॉटरी दुकान के टेबल के नीचे रखे दूसरे बैग से भी दो और बम मिले। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर आवाजाही नियंत्रित कर दी। सभी बमों को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया और बम निरोधक दस्ते को निष्क्रिय करने के लिए बुलाया गया है।
घटना को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप भी शुरू हो गया है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिला नेतृत्व का आरोप है कि चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की जीत के बाद विपक्षी नेताओं और कार्यालयों पर हमले की साजिश के तहत ये बम रखे गए थे।
तृणमूल कांग्रेस ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा है कि इलाके में अशांति फैलाने के लिए किसी और ने यह साजिश रची हो सकती है।
पुलिस इस मामले की जांच कर रही है कि इन बमों को किसने और किस उद्देश्य से।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

