home page

मिरिक कॉलेज के 26वें स्थापना दिवस पर सांसद राजू बिष्ट ने की 15 लाख रुपये देने की घोषणा, शिक्षा के साथ कौशल विकास पर दिया जोर

 | 
मिरिक कॉलेज के 26वें स्थापना दिवस पर सांसद राजू बिष्ट ने की 15 लाख रुपये देने की घोषणा, शिक्षा के साथ कौशल विकास पर दिया जोर


दार्जीलिंग, 05 सितंबर (हि. स.)। मिरिक कॉलेज के 26वें स्थापना दिवस और शिक्षक दिवस के अवसर पर दार्जिलिंग के सांसद राजू बिष्ट ने कॉलेज के बुनियादी ढांचे के विकास के लिए कुल 15 लाख रुपये देने की घोषणा की। इसमें दस लाख रुपये सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास निधि और पांच लाख रुपये विधायक स्थानीय क्षेत्र विकास निधि से दिए जाएंगे।

शिक्षक दिवस के अवसर पर उन्होंने सभी शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए उनका आशीर्वाद भी लिया।

सांसद राजू बिष्ट ने कहा कि शिक्षा और विकास के क्षेत्र में नए संस्थानों की स्थापना से युवाओं के लिए रोजगार और अवसरों के नए रास्ते खुलेंगे। उन्होंने कहा कि कर्सियांग में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेस्ट मैनेजमेंट अब संचालित हो रहा है, जबकि कालिम्पोंग में एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल भी कार्यरत है। इसके अलावा कालिम्पोंग जिले के लिए मेडिकल कॉलेज की घोषणा की गई है और उत्तर बंगाल में एम्स की स्थापना की दिशा में भी काम होगा।

उन्होंने कहा कि मिरिक और आसपास के क्षेत्रों में युवाओं के लिए उच्च शिक्षा और रोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से वह कई संस्थानों की स्थापना के लिए प्रयासरत हैं। इनमें मिरिक में नर्सिंग कॉलेज, मिरिक-कुर्सियांग क्षेत्र में इंजीनियरिंग कॉलेज, दार्जिलिंग-कालिम्पोंग क्षेत्र के लिए केंद्रीय कृषि एवं बागवानी विश्वविद्यालय, दार्जिलिंग में इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट, कृषि विज्ञान केंद्र, फांसीदेवा में एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल और कलिम्पोंग जिले में जवाहर नवोदय विद्यालय शामिल हैं।

राजू बिष्ट ने कहा कि आने वाले समय में मिरिक में बड़े स्तर पर निवेश होने की संभावना है और क्षेत्र को प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने विद्यार्थियों से भविष्य में पैदा होने वाले अवसरों के लिए अभी से खुद को तैयार करने का आह्वान किया, ताकि विकास के साथ स्थानीय युवाओं को रोजगार और उद्यमिता के अधिक अवसर मिल सकें।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार