तृणमूल की पूर्व मेयर परिषद सदस्य सिक्ता दे बसु रॉय कांग्रेस में शामिल
सिलीगुड़ी, 06 नवंबर (हि. स.)। सिलीगुड़ी नगर निगम की तृणमूल कांग्रेस की पूर्व मेयर परिषद सदस्य सिक्ता दे बसु रॉय ने आधिकारिक तौर पर राष्ट्रीय कांग्रेस का दामन थाम लिया है।
शुक्रवार को सिलीगुड़ी के विधान भवन में दार्जिलिंग जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुबीन भौमिक की उपस्थिति में उन्होंने कांग्रेस का झंडा थामा। सिक्ता दे बसु रॉय के साथ ही तृणमूल कांग्रेस के लगभग 40 युवाओं ने भी कांग्रेस की सदस्यता ली।
संवाददाता सम्मेलन के दौरान दार्जिलिंग जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुबीन भौमिक ने बताया कि कांग्रेस में शामिल होने के लिए बहुत से लोगों के आवेदन आ रहे हैं, जिनमें से कई को मंजूरी दी जा चुकी है। उन्होंने संकेत दिया कि काली पूजा के बाद विभिन्न राजनीतिक दलों के कई प्रमुख नेता और पूर्व मेयर परिषद सदस्य भी कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं।
कांग्रेस में शामिल होने के अपने फैसले पर सिक्ता दे बसु रॉय ने कहा कि कांग्रेस जिस तरह सड़कों पर उतरकर आम जनता के लिए काम कर रही है, वे उसी जनसेवा का हिस्सा बनना चाहती हैं। इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ उनकी कोई व्यक्तिगत शिकायत या नाराजगी नहीं है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

