फुटपाथ पर कब्जा पश्चिम बंगाल में फैशन बन गया है : दिलीप घोष
कोलकाता, 26 अगस्त (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री दिलीप घोष ने फुटपाथ पर अतिक्रमण को लेकर बुधवार को बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में फुटपाथ पर कब्जा करना एक तरह का फैशन बन गया है। राजनीतिक नेताओं ने अपने हित के लिए लंबे समय तक फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त नहीं कराया। अब इसे हटाना जरूरी है और लोग भी धीरे-धीरे इसके साथ सामंजस्य बैठा रहे हैं।
दिलीप घोष ने कहा कि शहरों में वाहनों और लोगों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है। ऐसे में सड़कें और फुटपाथ अतिक्रमण के कारण संकरे होंगे तो आम लोगों को परेशानी होगी। उन्होंने कहा कि जिन सड़कों पर अभी भी कब्जा है, उसे हटाने से सड़कें पर्याप्त चौड़ी हो जाएंगी और लोगों को आवागमन में सुविधा होगी।
फुटपाथ पर रहने वाले एक परिवार के बच्चे के लिए दूध गर्म करने को लेकर हाल में हुए विवाद पर भी दिलीप घोष ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बताया कि मंगलवार को उनकी भी उस परिवार से मुलाकात हुई थी। परिवार ने किसी के खिलाफ शिकायत नहीं की है और मुख्यमंत्री पर भरोसा जताया है।
दरअसल, शहर के फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराने के अभियान के दौरान नगर एवं शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल ने पार्क स्ट्रीट के पास फुटपाथ पर एक महिला को बच्चे के लिए दूध गर्म करते देखा था। उन्होंने खुले स्थान पर इस तरह दूध गर्म करने पर आपत्ति जताई थी और इसे रोकने का निर्देश दिया था। बाद में बातचीत में पता चला कि संबंधित परिवार फुटपाथ पर ही रहता है और उसके पास अपना घर नहीं है। इस घटना के बाद राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर बहस शुरू हो गई थी।
मंगलवार को विधायक सजल घोष उस परिवार को मुख्यमंत्री के जनता दरबार में लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने परिवार के लिए आवास की व्यवस्था करने का निर्देश नगर निगम को दिया। इसके बाद परिवार को सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू होने की बात सामने आई।
दिलीप घोष ने कहा कि केवल एक परिवार की समस्या का समाधान पर्याप्त नहीं है। शहर में फुटपाथ पर रहने वाले और अतिक्रमण करने वाले अन्य लोगों के लिए भी व्यवस्था करनी होगी। उन्होंने लोगों से शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने में सहयोग करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से भी लोगों से सहयोग की अपेक्षा है। अतिक्रमण हटाने की पूरी प्रक्रिया में कुछ समय लगेगा, लेकिन शहर को व्यवस्थित बनाने के लिए यह काम जरूरी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

