home page

हुगली में बनेगी खाद्य पदार्थों की जांच प्रयोगशाला, चुंचुड़ा में जमीन की तलाश शुरू

 | 
हुगली में बनेगी खाद्य पदार्थों की जांच प्रयोगशाला, चुंचुड़ा में जमीन की तलाश शुरू


हुगली, 02 नवंबर (हि. स.)। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए अब हुगली जिले को कोलकाता पर निर्भर नहीं रहना पड़ सकता है। जिले में ही खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला स्थापित करने की पहल शुरू की गई है। इस संबंध में चुंचुड़ा में लगभग चार हजार वर्गफुट जमीन चिह्नित करने की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया गया है।

सोमवार को जिला खाद्य सुरक्षा विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि राज्य सरकार की ओर से जिला प्रशासन के साथ हुई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग बैठक में इस प्रस्ताव पर चर्चा की गई। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को प्रयोगशाला के लिए उपयुक्त जमीन तलाशने को कहा गया है।

फिलहाल हुगली जिले में खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए कोलकाता भेजने पड़ते हैं। इसके कारण जांच रिपोर्ट मिलने में काफी समय लग जाता है। जिले में ही प्रयोगशाला स्थापित होने से खाद्य पदार्थों में मिलावट, गुणवत्ता और सुरक्षा से संबंधित नमूनों की जांच अपेक्षाकृत तेजी से हो सकेगी।

मिली जानकारी के अनुसार, प्रयोगशाला के लिए जमीन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया महत्वपूर्ण है। जमीन चिह्नित होने के बाद संबंधित प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा जाएगा। इसके बाद आवश्यक वित्तीय एवं प्रशासनिक मंजूरी और लोक निर्माण विभाग की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

इस प्रयोगशाला के स्थापित होने से मिठाई की दुकानों, बेकरी, रेस्तरां, खाद्य उत्पादन इकाइयों और बाजारों से लिए गए नमूनों की जांच में सुविधा मिलेगी। खाद्य पदार्थों में मिलावट की शिकायतों पर भी स्थानीय स्तर पर तेजी से कार्रवाई करने में मदद मिलेगी।

उल्लेखनीय है कि सितंबर महीने की शुरुआत में खाद्य सुरक्षा सप्ताह के दौरान जिले में 200 से अधिक रेस्तरां एवं खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया था जिसमें आधे से अधिक प्रतिष्ठानों को नोटिस दिया गया था और खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए कोलकाता भेजे गए थे। जांच रिपोर्ट मिलने में देरी के कारण जिले में ही खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला स्थापित करने की आवश्यकता महसूस की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय