home page

मालदा के पूर्व मंत्री अबू नासिर खान चौधरी का निधन, कोतवाली भवन में शोक की लहर

 | 
मालदा के पूर्व मंत्री अबू नासिर खान चौधरी का निधन, कोतवाली भवन में शोक की लहर


मालदा, 19 नवंबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री तथा मालदा के सुजापुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक अबू नासिर खान चौधरी उर्फ लेबूबाबू का निधन हो गया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री एबीए गनी खान चौधरी उर्फ बरकत साहब के भाई और पूर्व सांसद अबू हासेम खान चौधरी उर्फ डालूबाबू के बड़े भाई अबू नासिर खान चौधरी लंबे समय से उम्र संबंधी बीमारियों से पीड़ित थे। गुरुवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे कोलकाता के एक अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। निधन के समय उनकी उम्र 92 वर्ष थी।

गुरुवार सुबह उनके निधन की खबर मालदा के ऐतिहासिक कोतवाली भवन पहुंचते ही परिवार और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई। गनी खान चौधरी परिवार के सदस्य और मालदा दक्षिण के कांग्रेस सांसद ईशा खान चौधरी तथा पूर्व सांसद मौसम नूर समेत परिवार के अन्य सदस्य गहरे शोक में हैं।

पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, अबू नासिर खान चौधरी ने अपने निधन से पहले ही कोतवाली भवन में अपने दफनाए जाने का स्थान तय कर लिया था।

सांसद ईशा खान चौधरी ने बताया कि उनके चाचा लेबूबाबू ने पहले ही अपनी कब्र के लिए जगह दिखा दी थी। उनकी अंतिम इच्छा थी कि उन्हें उनके माता-पिता के बगल में दफनाया जाए। परिवार ने उनके अंतिम इच्छा का सम्मान करते हुए कोतवाली भवन स्थित पारिवारिक कब्रिस्तान में माता-पिता के पास ही उन्हें सुपुर्द-ए-खाक करने का निर्णय लिया है।

पूर्व मंत्री और वरिष्ठ राजनेता अबू नासिर खान चौधरी के निधन से मालदा के राजनीतिक गलियारों में शोक का माहौल है। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताई है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार