home page

नेपाल में भीषण बाढ़ के बाद कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गया सिलीगुड़ी का युवक लापता

 | 
नेपाल में भीषण बाढ़ के बाद कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गया सिलीगुड़ी का युवक लापता


सिलीगुड़ी 27 अगस्त (हि. स.)। कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गए सिलीगुड़ी के एक युवक के नेपाल में भयावह फ्लैश फ्लड और प्राकृतिक आपदा के बाद लापता होने से परिवार में चिंता बढ़ गई है। लापता युवक की पहचान समर मंडल के रूप में हुई है। वह सिलीगुड़ी के शांतिनगर बऊबाजार इलाके के निवासी हैं।

जानकारी के अनुसार, समर 16 अगस्त को कैलाश मानसरोवर के लिए सिलीगुड़ी से रवाना हुए थे। उन्होंने राजस्थान की एक ट्रैवल एजेंसी के माध्यम से यात्रा की बुकिंग कराई थी। सिलीगुड़ी से नेपाल पहुंचने के बाद वह तिब्बत गए थे। वहां उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद वह वापस लौट रहे थे।

परिवार के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब पांच बजे समर ने आखिरी बार अपनी पत्नी से फोन पर बात की थी। उन्होंने बताया था कि वह नेपाल-तिब्बत सीमा स्थित इमिग्रेशन कार्यालय में मौजूद हैं और वहां की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नेपाल में प्रवेश करेंगे।

इसके बाद नेपाल में अचानक आई भीषण बाढ़ की खबर मिलने पर परिवार ने समर से संपर्क करने की कोशिश शुरू की, लेकिन गुरुवार तक उनसे संपर्क नहीं हो पाया है।

परिजन उनकी तलाश में नेपाल के लिए रवाना हो गए है। साथ ही नेपाल प्रशासन और पश्चिम बंगाल सरकार को भी मामले की जानकारी दी गई है।

गुरुवार को डाबग्राम-फुलबाड़ी की भाजपा विधायक शिखा चटर्जी ने शांतिनगर पहुंचकर समर के परिवार से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि युवक की तलाश और सुरक्षित वापसी के लिए वह राज्य सरकार के अधिकारियों से बातचीत करेंगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार