सबंग में जलमग्न इलाकों का जिलाधिकारी और सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने लिया जायजा
पश्चिम मेदिनीपुर, 17 अगस्त (हि. स.)। जिले के सबंग प्रखंड में लगातार कई दिनों से हो रही बारिश के कारण एक बार फिर व्यापक जलजमाव की स्थिति बन गई है। सरता, विष्णुपुर, बलपाई, दशग्राम, चाउलकुड़ी समेत कई इलाकों में बारिश का पानी प्रवेश कर गया है। कई स्थानों पर सड़कें पानी में डूब गई हैं, जबकि घरों के आंगन और आसपास के हिस्सों में भी पानी जमा है। इससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है और लोगों की परेशानी बढ़ गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, सरता ब्लाक के छातारकोल, सातसाई, चांदागोबरा समेत कई इलाकों की सबसे बदहाल स्थिति है। विस्तृत क्षेत्र के जलमग्न होने से स्थानीय लोगों को आवागमन समेत कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कुछ विद्यालयों और शिक्षण संस्थानों के परिसर तथा आसपास भी पानी जमा हो गया है। इससे पठन-पाठन प्रभावित हुआ है। पानी के बीच से होकर विद्यालय पहुंचना विद्यार्थियों के लिए मुश्किल हो गया है। स्थिति का जायजा लेने के लिए सोमवार को पश्चिम मेदिनीपुर के जिलाधिकारी बिजिन कृष्णा और सिंचाई विभाग के मुख्य अतिरिक्त सचिव मनीष जैन ने प्रभावित इलाकों का दौरा किया। उनके साथ सबंग के प्रखंड विकास अधिकारी रोमन मंडल और विधायक अमल पंडा भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने विभिन्न जलमग्न क्षेत्रों का मौके पर निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली।
प्रशासन की ओर से पहले ही जलजमाव से प्रभावित लोगों के बीच राहत कार्य शुरू कर दिया गया है। प्रभावित परिवारों को खाद्य सामग्री और तिरपाल उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, अब तक डेढ़ हजार से अधिक परिवारों तक राहत सामग्री और तिरपाल पहुंचाए जा चुके हैं। जलजमाव में फंसे लोगों के लिए सुरक्षित आश्रय की भी व्यवस्था की गई है। स्थानीय विद्यालयों को अस्थायी आश्रय केंद्र के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। वहां रहने वाले लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की जा रही है। स्थिति को देखते हुए जरूरतमंद अन्य लोगों तक भी राहत सामग्री और आवश्यक सेवाएं पहुंचाने की तैयारी की गई है।
इधर, सबंग के विभिन्न हिस्सों में नए सिरे से बारिश शुरू होने और जलस्तर बढ़ने से स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है। विशेष रूप से निचले इलाकों की स्थिति को लेकर प्रशासन सतर्क है। बारिश की मात्रा, नदी-नालों और जलस्तर की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

