home page

सालैपुर-1 में बाढ़ की स्थिति का प्रशासनिक अधिकारियों ने लिया जायजा, प्रभावित लोगों से की बातचीत

 | 
सालैपुर-1 में बाढ़ की स्थिति का प्रशासनिक अधिकारियों ने लिया जायजा, प्रभावित लोगों से की बातचीत


हुगली, 19 अगस्त (हि.स.)।

आरामबाग विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत सालैपुर-1 ग्राम पंचायत के पश्चिमपाड़ा इलाके में बुधवार को बाढ़ की स्थिति का प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। आरामबाग के महकमा शासक (एसडीओ) रवि कुमार मीना ने जलमग्न इलाकों का निरीक्षण करने के साथ स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।

स्थिति का जायजा लेने के दौरान आरामबाग के विधायक हेमंत बाग और पुरशुड़ा के विधायक विमान घोष भी मौजूद रहे। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने इलाके में बाढ़ के कारण लोगों को हो रही परेशानियों, जलजमाव वाले क्षेत्रों तथा स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक प्रशासनिक कदमों पर मौके पर समीक्षा की।

स्थानीय लोगों की सुरक्षा और उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने को लेकर भी अधिकारियों के साथ चर्चा की गई। जलस्तर और पूरे इलाके की स्थिति पर लगातार नजर रखने तथा जरूरत पड़ने पर तत्काल आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया गया।

लगातार बारिश और नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी के कारण आरामबाग महकमे के विभिन्न इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। ऐसे में प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने से स्थानीय लोगों में कुछ हद तक राहत और भरोसा देखने को मिला।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय