home page

बाढ़ की स्थिति को लेकर जिला सिंचाई विभाग में विशेष बैठक, दो विधायक रहे मौजूद

 | 
बाढ़ की स्थिति को लेकर जिला सिंचाई विभाग में विशेष बैठक, दो विधायक रहे मौजूद


हुगली, 28 मई (हि. स.)। आगामी मानसून को देखते हुए आरामबाग महकमे में संभावित बाढ़ की स्थिति और उससे निपटने की तैयारियों को लेकर गुरुवार को जिला सिंचाई विभाग में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आरामबाग के विधायक हेमंत बाग और पुरशुड़ा के विधायक विमान घोष मौजूद रहे।

जानकारी के अनुसार, हर वर्ष बरसात के दौरान आरामबाग महकमे के विस्तृत इलाके बाढ़ की चपेट में आ जाते हैं, जिससे आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसी स्थिति से निपटने के लिए अग्रिम तैयारी और विभिन्न रोकथाम उपायों को लेकर बैठक में विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ नदी बांधों की मरम्मत, जल निकासी व्यवस्था, कमजोर तटबंधों की पहचान और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई जैसे मुद्दों की समीक्षा की गई। साथ ही मानसून से पहले विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे कार्यों की प्रगति का भी जायजा लिया गया।

विधायक हेमंत बाग ने कहा कि बाढ़ जैसी स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन को हर समय तैयार रहना होगा। आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और नुकसान कम करने के लिए पहले से योजना बनाना बेहद जरूरी है।

वहीं विधायक विमान घोष ने भी बाढ़ रोकथाम के लिए तेज और प्रभावी कदम उठाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी और त्वरित कार्रवाई जरूरी है।

सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बरसात शुरू होने से पहले नदी बांधों की मरम्मत और जरूरी आधारभूत संरचनात्मक कार्यों को तेजी से पूरा करने की पहल की गई है। संभावित बाढ़ की स्थिति पर प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है।

इस बैठक के बाद स्थानीय लोगों में कुछ उम्मीद जगी है। लोगों का कहना है कि हर साल की तरह इस बार बाढ़ की भयावह स्थिति का सामना न करना पड़े, इसके लिए प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतनी होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय