home page

नमाज पढ़ने निकले पांच किशोर लापता, डोमकल में पुलिस ने शुरू की तलाश

 | 

मुर्शिदाबाद, 29 अगस्त (हि.स.)।मुर्शिदाबाद के डोमकल थाना क्षेत्र के श्रीकृष्णपुर गांव से शुक्रवार को जुमे की नमाज पढ़ने के लिए घर से निकले पांच किशोरों के लापता होने का मामला सामने आया है। काफी देर तक घर नहीं लौटने के बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। जब पता चला कि पांचों मस्जिद तक पहुंचे ही नहीं, तो शुक्रवार देर रात परिवार के सदस्यों ने डोमकल थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, लापता पांचों किशोर श्रीकृष्णपुर गांव के एक ही इलाके में रहते हैं। इनमें से चार एक ही स्कूल में पढ़ते हैं। सभी की उम्र करीब 13 से 15 वर्ष के बीच है। शुक्रवार को पांचों दोस्त जुमे की नमाज पढ़ने की बात कहकर घर से एक साथ निकले थे।

शाम तक जब वे घर वापस नहीं लौटे तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। इसके बाद आसपास के इलाकों में उनकी तलाश शुरू की गई। परिजनों को जानकारी मिली कि पांचों किशोर नमाज पढ़ने के लिए मस्जिद पहुंचे ही नहीं थे। इसके बाद रात करीब 11 से 12 बजे के बीच परिवार के लोग डोमकल थाने पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी।

लापता पांच किशोरों में से चार के घर डोमकल के श्रीकृष्णपुर में हैं, जबकि एक किशोर का घर कालीगंज में है। वह श्रीकृष्णपुर में अपने मामा के घर रहकर पढ़ाई करता था।

लापता किशोर के मामा ने बताया कि शुक्रवार दोपहर वह नमाज पढ़ने जाने की बात कहकर घर से निकला था। पांचों दोस्त अक्सर एक साथ घूमते थे और उन्हें हमेशा साथ देखा जाता था। रात तक वापस नहीं लौटने पर उन्होंने पुलिस से संपर्क किया।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि पांचों किशोर काम की तलाश में कहीं चले गए हों, हालांकि पुलिस ने अपहरण की आशंका को भी पूरी तरह खारिज नहीं किया है।

डोमकल थाना पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। लापता किशोरों की तलाश में पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर खोजबीन शुरू कर दी है। पुलिस उनके संभावित ठिकानों और उनके संपर्क में रहने वाले लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय