home page

सिलीगुड़ी की तीन रथयात्रा समितियों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान

 | 
सिलीगुड़ी की तीन रथयात्रा समितियों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान


सिलीगुड़ी, 13 जुलाई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल सरकार की पहल पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के घोषणा के अनुसार राज्य की पुरानी रथयात्रा समितियों को आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। इसी क्रम में सिलीगुड़ी की तीन प्रमुख रथयात्रा समितियों को पांच-पांच लाख रुपये के सरकारी अनुदान का चेक सौंपा गया।

सोमवार दोपहर सिलीगुड़ी स्टेट गेस्ट हाउस में आयोजित एक कार्यक्रम में दार्जिलिंग के जिलाधिकारी हरिशंकर पनिकर ने इस्कॉन रथयात्रा समिति, श्रीश्री नरोत्तम गौड़ीय मठ और रथखोला स्पोर्टिंग क्लब के प्रतिनिधियों को अनुदान राशि के चेक प्रदान किए।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी वर्चुअल माध्यम से शामिल थे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने रथयात्रा समितियों के प्रतिनिधियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण तथा संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है। रथयात्रा जैसे ऐतिहासिक आयोजनों को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।

इस अवसर पर सिलीगुड़ी के महकमा शासक (एसडीओ), फांसीदेवा के विधायक दुर्गा मुर्मू सहित प्रशासनिक अधिकारी और विभिन्न रथयात्रा समितियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

राज्य सरकार का मानना है कि इस आर्थिक सहायता से रथयात्रा उत्सव के बेहतर आयोजन के साथ-साथ प्रदेश की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत के संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। सरकारी अनुदान मिलने पर तीनों रथयात्रा समितियों के पदाधिकारियों ने राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार