home page

तीस्ता नदी में बह रहे हाथी के बच्चे को मछुआरों ने बचाया, वन विभाग को सौंपा

 | 
तीस्ता नदी में बह रहे हाथी के बच्चे को मछुआरों ने बचाया, वन विभाग को सौंपा


जलपाईगुड़ी, 21 सितंबर (हि.स.)। तीस्ता नदी की तेज धारा में बह रहे हाथी के एक बच्चे को मछुआरों ने अपनी जान जोखिम में डालकर सुरक्षित बचा लिया है। घटना सोमवार तड़के गोजलडोबा तिस्ता बैराज इलाके की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, तीस्ता नदी में हाथी का बच्चा बहता हुआ दिखाई दिया। इसे देखते ही उत्तर बंगाल मत्स्यजीवी फोरम के सदस्य नाव लेकर क्रांति-पंजाब बांध इलाके से नदी में उतरे। मछुआरों ने करीब चार किलोमीटर तक नाव चलाकर हाथी के बच्चे को खोज निकाला और उसे सुरक्षित नाव पर लेकर किनारे पहुंचे।

मछुआरों के अनुसार, रेस्क्यू के दौरान हाथी का बच्चा स्वस्थ अवस्था में था। बाद में उसे काठामबाड़ी रेंज के वनकर्मियों को सौंप दिया गया। फिलहाल हाथी का बच्चा वन विभाग की निगरानी में है।

रेस्क्यू अभियान में उत्तर बंगाल मत्स्यजीवी फोरम के सदस्य मिठु दास, राजेश दास, विश्वनाथ दास, गोपाल दास और बाबलू दास शामिल रहे। पांचों ने मिलकर नदी की तेज धारा के बीच जोखिम उठाते हुए हाथी के बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार