मछली मुद्दे पर तृणमूल के बयान पर भाजपा का पलटवार, भास्कर भट्टाचार्य ने नगर पालिका की खोली पोल
हुगली, 09 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में मछली को लेकर छिड़ी सियासी बहस के बीच श्रीरामपुर से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार भास्कर भट्टाचार्य ने गुरुवार को तृणमूल कांग्रेस के बयान पर पलटवार किया है।
भट्टाचार्य श्रीरामपुर के मछली बाजार पहुंचे और वहां मछली खरीदकर यह संदेश देने की कोशिश की कि भाजपा के सत्ता में आने पर मछली या मांस पर किसी भी तरह का प्रतिबंध नहीं लगाया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी और उनकी पार्टी चुनाव में फायदा उठाने के लिए लोगों को भ्रमित कर रही है।उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार मछली व्यवसाय को बढ़ावा देने के लिए 2024 से 2027 तक 6000 करोड़ रुपये की परियोजना चला रही है, जिसके तहत मछली व्यवसायियों को सस्ते ब्याज पर ऋण और क्रेडिट सुविधा दी जा रही है। ऐसे में प्रतिबंध की बात पूरी तरह निराधार है।
इस दौरान भास्कर भट्टाचार्य ने स्थानीय समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। मछली बाजार से सटी गली में जलजमाव को लेकर उन्होंने श्रीरामपुर नगर पालिका पर निशाना साधा। जलभराव वाली गली में प्रतीकात्मक रूप से मछलियां छोड़कर उन्होंने निकासी व्यवस्था की बदहाली को उजागर किया।
उन्होंने कहा कि सामान्य बारिश में ही इलाके में जलजमाव हो जाता है, जो नगर पालिका की विफलता को दर्शाता है। भट्टाचार्य के अनुसार, राज्य में विकास के दावे केवल कागजों तक सीमित हैं और आम लोगों को जमीनी स्तर पर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

