home page

कोलकाता में मेयर फिरहाद हकीम के घर देर रात पहुंचे केंद्रीय बल, लगाया धमकाने का आरोप

 | 
कोलकाता में मेयर फिरहाद हकीम के घर देर रात पहुंचे केंद्रीय बल, लगाया धमकाने का आरोप


कोलकाता, 28 अप्रैल (हि. स.)। कोलकाता बंदर विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार और शहर के मेयर फिरहाद हकीम के घर केंद्रीय बल के पहुंचने का मामला सामने आया है। दावा किया गया है कि सोमवार देर रात पुलिस पर्यवेक्षक चेतला स्थित उनके घर पहुंचे और हालचाल लिया। उनके साथ केंद्रीय बल के जवान भी मौजूद थे।

मीडिया से बातचीत में फिरहाद हाकिम ने कहा कि यह घटना उन्हें नक्सल दौर की याद दिला रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह से डराकर कहा जा रहा है कि यदि कुछ हुआ तो देख लिया जाएगा।

उनका कहना है कि चेतला में कभी अशांति नहीं हुई, फिर भी उन्हें आकर धमकाया जा रहा है।उन्होंने कहा कि चेतला में कभी कोई अशांति नहीं होती और इस बार भी नहीं होगी। उन्होंने यह भी कहा कि चेतला में बम-गोली तो दूर, कभी एक ईंट तक नहीं फेंकी गई है।

फिरहाद हाकिम के अनुसार, सोमवार रात अचानक केंद्रीय बल के जवान और पुलिस पर्यवेक्षक उनके घर पहुंचे। वहां उन्हें बुलाकर सीधे तौर पर चेतावनी दी गई। मेयर ने कहा कि उन्हें बताया गया कि इलाके में कोई समस्या नहीं होनी चाहिए और एजेंटों को बैठने से रोका नहीं जाना चाहिए, नहीं तो परिणाम भुगतना पड़ेगा।

मेयर का आरोप है कि केंद्रीय बल की यह अतिसक्रियता भाजपा के लिए नुकसानदेह साबित हो रही है, क्योंकि लोगों को डराकर उनका समर्थन नहीं जीता जा सकता। उनका कहना है कि शांतिपूर्ण इलाके में इस तरह की गतिविधि लोगों में डर पैदा कर रही है।

भाजपा पर निशाना साधते हुए फिरहाद हाकिम ने कहा कि जिस तरह केंद्रीय बल दबाव और धमकी का माहौल बना रहा है, उससे लोग काफी नाराज़ हैं। उन्होंने कहा कि उनके इलाके के लोग, चाहे वे किसी भी राजनीतिक विचारधारा से जुड़े हों, इस व्यवहार को उचित नहीं मान रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता