home page

एनजेपी स्टेशन के आसपास होटल-लॉज में अग्नि सुरक्षा की जांच

 | 
एनजेपी स्टेशन के आसपास होटल-लॉज में अग्नि सुरक्षा की जांच


सिलीगुड़ी, 22 अगस्त (हि.स.)। कोलकाता के मिर्जा गालिब स्ट्रीट और तारापीठ के होटलों में हुए भीषण अग्निकांड के बाद पश्चिम बंगाल में होटल, लॉज और गेस्ट हाउस की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर निगरानी बढ़ा दी गई है। इसी क्रम में शनिवार सिलीगुड़ी के न्यू जलपाईगुड़ी (एनजेपी) स्टेशन के आसपास स्थित विभिन्न होटलों और लॉज में दमकल विभाग के अधिकारियों ने अग्नि सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया।

राज्य सरकार की ओर से हालिया अग्निकांडों के बाद होटल, लॉज और गेस्ट हाउस की सुरक्षा ऑडिट कराने का निर्णय लिया गया है। इसी के तहत दमकल विभाग की टीम ने एनजेपी स्टेशन के आसपास कई होटलों और लॉज में पहुंचकर सुरक्षा इंतजामों की बारीकी से जांच की।

निरीक्षण के दौरान होटल के कमरों को खोलकर देखा गया कि आपात स्थिति में खिड़कियां आसानी से खुल सकती हैं या नहीं। इसके अलावा होटल में मौजूद विद्युत उपकरण, बिजली के कनेक्शन और वायरिंग की स्थिति की भी जांच की गई।

जलपाईगुड़ी फायर डिवीजन के ओसी अंबर देव ने बताया कि होटल में कितने एयर कंडीशनर लगे हैं, पानी के पंप सही तरीके से काम कर रहे हैं या नहीं और आग लगने की स्थिति में पर्याप्त पानी की व्यवस्था उपलब्ध है या नहीं, इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

दमकल अधिकारियों ने होटल मालिकों और कर्मचारियों से यह भी जानकारी ली कि आग लगने की स्थिति में वे किस तरह आग पर काबू पाएंगे और मेहमानों को सुरक्षित बाहर निकालने की क्या व्यवस्था है।

अग्निशमन उपकरणों के इस्तेमाल को लेकर भी कर्मचारियों की जानकारी और तैयारियों को परखा गया।

जिन होटल और लॉज में आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था नहीं मिली, उन्हें जल्द से जल्द सभी कमियों को दूर करने का निर्देश दिया गया है। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि निर्देशों का पालन नहीं करने पर आगे कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार