home page

सोनारपुर में भीषण अग्निकांड, गैस सिलेंडरों में विस्फोट से दो घर जलकर खाक

 | 

कोलकाता, 27 नवंबर (हि.स.)। दक्षिण 24 परगना जिले के सोनारपुर दक्षिण विधानसभा अंतर्गत हाटुईपाड़ा वेलस्टार क्लब संलग्न इलाके में शुक्रवार सुबह भीषण अग्निकांड की घटना घटित हुई। इस घटना में टिन की छत और टाटी (बेड़ा) से बने दो कमरे पूरी तरह जलकर राख हो गए। घटना में किसी के हताहत होने या गंभीर रूप से झुलसने की कोई सूचना नहीं है।

स्थानीय व पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे स्थानीय यनिवासी कनाईलाल घोष के अचानक घर से धुआं निकलता दिखाई दिया और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग लगने के कुछ ही देर बाद घर के भीतर रखे दो गैस सिलेंडरों में एक के बाद एक जोरदार विस्फोट हो गया। सिलेंडर फटने से आग की लपटें और तेज हो गईं, जिससे पूरे इलाके में भारी दहशत फैल गई।

आग की लपटें देख आसपास के लोग बाल्टियों से पानी डालकर आग पर काबू पाने का भरसक प्रयास किया। हालांकि, गैस सिलेंडरों के विस्फोट के कारण आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि स्थानीय निवासियों के प्रारंभिक प्रयासों से उस पर नियंत्रण नहीं पाया जा सका। इस अग्निकांड में परिवार का सारा फर्नीचर और आवश्यक घरेलू सामान जलकर खाक हो गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गंगा