home page

बागुईआटी में गैस सिलेंडर विस्फोट से 25 झोपड़ियां जलकर राख

 | 
बागुईआटी में गैस सिलेंडर विस्फोट से 25 झोपड़ियां जलकर राख


कोलकाता, 23 अक्टूबर (हि. स.)। बागुईआटी की आटघारा पुरबापारा इलाके में शुक्रवार दोपहर गैस सिलेंडर विस्फोट होने से कई झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। घटना की सूचना पाकर दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची। हालांकि, अभी तक किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 3:30 बजे अचानक तेज़ आवाज़ के साथ सिलेंडर विस्फोट होने से तेजी से लग गई। आग की लपटें एक के बाद एक झुग्गियों में फैल गईं। इस घटना से इलाके में अफ़रा-तफ़री मच गई। हालात को काबू में करने के लिए, स्थानीय लोगों ने सबसे पहले आग बुझाने का काम शुरू किया। दमकल को सूचना दी गई। सूचना पाकर दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची। इस घटना में करीब 20 से 25 झोपड़ियां जलकर राख हो गईं।

घटना की सूचना पाकर राजारहाट न्यू टाउन के विधायक पीयूष कनोरिया मौके पर पहुंचे। उन्होंने दमकलकर्मियों से बात की। विधायक को देखते ही इलाके के स्थानीय निवासियों ने गुस्सा जाहिर किया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस इलाके में आग लगने की घटना कोई नई बात नहीं है। पहले भी कई बार आग लग चुकी है। स्थानीय निवासियों को नुकसान हुआ है। स्थानीय लोगों की शिकायतों से लगभग सहमत होते हुए विधायक ने कहा कि इस झुग्गी-झोपड़ी को खाली कराने के बारे में बहुत समय से बात हो रही है। लेकिन कोई लाभ नहीं हुआ।

खबर लिखे जाने तक आग पर काबू पाने की कोशिश जारी थी। आग कैसे लगी यह स्पष्ट नहीं हो पाया था। दमकल कर्मी मामले की जांच में जुटे हुए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गंगा