पंखे की फैक्ट्री में आग लगने से अफरा-तफरी
हावड़ा, 30 मार्च (हि.स.)। जिले के डोमकल स्थित पंखा बनाने की फैक्ट्री में आग लगने से सोमवार सुबह अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते फैक्ट्री के अंदर मशीनें और कच्चा माल जलकर राख हो गये। पूरा इलाका काले धुएं से ढक गया।
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब छह बजे पंखे की फैक्ट्री में अचानक आग लग गई। फैक्ट्री के अंदर मशीनें और कच्चा माल जलने लगा। देखते ही देखते आकाश काला धुंए से ढक गया। मजदूरों ने पानी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश की। फिर भी आग पर काबू नहीं पाया जा सका। दमकल विभाग को सूचना दी गई। सूचना पाकर दमकल की करीब 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। तेजी से आग बुझाने की कोशिश की गई। खबर लिखे जाने तक आग पर नियंत्रण पा लिया गया था लेकिन आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका था। दमकल कर्मियों ने कहा कि आग बुझाने में अभी कुछ और समय लगेगा।
आग कैसे लगी यह पता नहीं चल पाया है। दमकल कर्मी आग लगने का कारण पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गंगा

