हावड़ा के बहुमंजिली इमारत में लगी भीषण आग, कई लोग फंसे एवं आठ को सुरक्षित निकाला गया
हावड़ा, 26 अगस्त (हि. स.)। हावड़ा के आंदुल मौड़ी इलाके में बुधवार दोपहर एक बहुमंजिली इमारत में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। इमारत की चौथी मंजिल से अचानक धुआं निकलते देख स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी। आग लगने के समय कई लोग इमारत के भीतर फंसे हुए थे।सूचना पाकर दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के साथ-साथ राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। पुलिस और दमकल विभाग के अधिकारी संयुक्त रूप से इमारत के भीतर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में जुटे हैं। अब तक आठ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है।
मिली जानकारी के अनुसार, चौथी मंजिल पर आग लगने के बाद पूरे आवासीय परिसर में दहशत फैल गई। धुएं के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। दमकलकर्मी इमारत के अन्य हिस्सों में भी यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि कोई व्यक्ति अंदर फंसा न रह गया हो।
स्थानीय एक निवासी ने बताया कि अचानक चौथी मंजिल से आग की तेज लपटें दिखाई देने लगीं और काफी मात्रा में धुआं बाहर निकलने लगा। उन्होंने बताया कि उसी मंजिल पर उनके पड़ोस की एक महिला भी रहती हैं और उन्हें लेकर परिवार के लोग चिंतित हैं।
फिलहाल आग पर काबू पाने और इमारत में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का काम जारी है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल में आग लगने की घटनाओं की वजह से लगातार दहशत का माहौल है। पिछले हफ्ते ही तारापीठ और कोलकाता के दो गेस्ट हाउस में लगी आग में 18 लोगों की मौत हो चुकी है।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

