home page

अभिषेक बनर्जी के कमैेक स्ट्रीट स्थित कार्यालय को तत्काल खाली करने का निर्देश, दमकल ने जारी किया नोटिस

 | 
अभिषेक बनर्जी के कमैेक स्ट्रीट स्थित कार्यालय को तत्काल खाली करने का निर्देश, दमकल ने जारी किया नोटिस


कोलकाता, 04 सितंबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल दमकल विभाग ने तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और डायमंड हार्बर से सांसद अभिषेक बनर्जी के कोलकाता के कमैेक स्ट्रीट स्थित कार्यालय को तत्काल खाली करने का निर्देश दिया है। दमकल विभाग के अनुसार, कार्यालय में पर्याप्त अग्निशमन व्यवस्था नहीं है और अग्नि सुरक्षा से जुड़े निर्धारित नियमों का पालन भी नहीं किया गया है। विभाग ने इसे लोगों की सुरक्षा के लिहाज से जोखिमपूर्ण बताया है।

अभिषेक बनर्जी का कार्यालय नौ नंबर अवनींद्रनाथ ठाकुर सरणी स्थित मुख्य भवन की सातवीं और आठवीं मंजिल पर है। दमकल विभाग ने इन दोनों मंजिलों को तत्काल खाली करने का निर्देश भवन के मालिक को दिया है। साथ ही भवन के तहखाने को भी खाली करने को कहा गया है। दमकल विभाग ने स्पष्ट किया है कि आवश्यक अग्निशमन व्यवस्था स्थापित किए जाने तक इन दोनों मंजिलों का इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा।

दमकल विभाग के मुताबिक, सातवीं और आठवीं मंजिल पर अग्नि सुरक्षा नियमों के उल्लंघन की शिकायत के बाद भवन के मालिक और किरायेदारों को दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने के लिए कहा गया था। किरायेदार निर्धारित समय पर आवश्यक दस्तावेज लेकर पहुंचे, लेकिन भवन मालिक की ओर से कोई प्रतिनिधि उपस्थित नहीं हुआ।

विभाग ने किरायेदारों से बातचीत और उपलब्ध दस्तावेजों की जांच के बाद पाया कि भवन में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था लागू करने की जिम्मेदारी मालिक की है। साथ ही भवन का अग्नि सुरक्षा प्रमाणपत्र 10 अगस्त 2026 को ही समाप्त हो चुका है। प्रमाणपत्र के नवीनीकरण की सिफारिश पहले की गई थी, लेकिन मालिक पक्ष ने इसे नवीनीकृत नहीं कराया। इसी आधार पर दमकल विभाग ने संबंधित हिस्से को असुरक्षित माना है।

दमकल विभाग की ओर से जारी निर्देश की प्रतियां कोलकाता नगर निगम, शेक्सपियर सरणी थाने और सीईएससी कार्यालय को भी भेजी गई हैं।

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले इसी कार्यालय से तृणमूल कांग्रेस के नाम वाला एक होर्डिंग हटाने को लेकर कोलकाता नगर निगम के अधिकारियों और अभिषेक बनर्जी के बीच विवाद हुआ था। नगर निगम का आरोप था कि होर्डिंग खतरनाक तरीके से लटका हुआ था। इसके बाद अभिषेक के समर्थकों ने वहां तृणमूल कांग्रेस के नाम वाला बैनर लगा दिया था।

इसी बीच गुरुवार तड़के कमैेक स्ट्रीट स्थित कार्यालय में कुछ लोगों द्वारा हमला करने और तृणमूल कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट करने का आरोप सामने आया। मामले में पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है। अभिषेक बनर्जी ने घटना का सीसीटीवी फुटेज जारी कर कार्रवाई की मांग की थी। इस घटना के एक दिन बाद ही दमकल विभाग ने भवन मालिक को कार्यालय खाली करने का निर्देश दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर