पूजा से पहले निजी अस्पतालों में अग्निशमन व्यवस्था की जांच में जुटा दमकल विभाग
जलपाईगुड़ी, 05 अक्टूबर (हि.स.)। दुर्गापूजा से पहले आग जैसी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को लेकर दमकल विभाग ने जलपाईगुड़ी के कई निजी अस्पतालों का सोमवार निरीक्षण किया। अधिकारियों ने अस्पतालों में मौजूद अग्निशमन उपकरणों और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अस्पतालों के कॉरिडोर, आपात स्थिति में मरीजों और आम लोगों के सुरक्षित आवागमन तथा आग लगने की स्थिति में तत्काल बचाव कार्य के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं की जांच की गई। अधिकारियों ने यह भी देखा कि आपातकालीन स्थिति में मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालने में किसी तरह की बाधा तो नहीं है।
दमकल विभाग के अनुसार, पूजा से पहले केवल अस्पतालों में ही नहीं, बल्कि सरकारी और निजी संस्थानों, होटल, रेस्तरां तथा शॉपिंग मॉल में भी अग्निशमन व्यवस्था की जांच की जा रही है। निरीक्षण के दौरान नियमों का उल्लंघन या अग्नि सुरक्षा व्यवस्था में कमी पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

