home page

अब बंगाल में एक पटाखा कारखाने में विस्फोट, दो की हालत गंभीर

 | 
अब बंगाल में एक पटाखा कारखाने में विस्फोट, दो की हालत गंभीर


कोलकाता, 20 अगस्त (हि. स.)। दक्षिण 24 परगना जिले के चंपाहाटी में एक बार फिर पटाखा बनाने के दौरान विस्फोट की घटना सामने आई है। गुरुवार को हुए इस विस्फोट से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस के मुताबिक, हादसे में दो लोग घायल हुए हैं। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, आबादी से कुछ दूरी पर एक जमीन के बीच कमरे का निर्माण कर वहां पटाखे बनाने का काम किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक जोरदार विस्फोट हुआ। हालांकि विस्फोट किस वजह से हुआ, इसकी अभी तक स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। घटना की सूचना पाकर दमकल कर्मियों के देर से पहुंचने का आरोप लगाते हुए स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। बारुईपुर पुलिस जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अतीश विश्वास भी घटनास्थल पर मौजूद रहे।

विस्फोट के बाद घटनास्थल पर तबाही का मंजर दिखाई दिया। टिन की छत और कमरे का ढांचा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। आसपास जली हुई बांस की बल्लियां और अन्य सामान बिखरे पड़े थे। कई जगहों से घटना के बाद भी धुआं निकलता दिखाई दिया। आसपास के पेड़-पौधों को भी नुकसान पहुंचा है।

बारुईपुर थाने की पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि विस्फोट कैसे हुआ और क्या वहां अवैध तरीके से पटाखे बनाने का काम चल रहा था। घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।

गौरतलब है कि इस साल जनवरी में भी चंपाहाटी में पटाखा कारखाने में विस्फोट हुआ था, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। दक्षिण और उत्तर 24 परगना के अलावा मेदिनीपुर तथा नदिया में भी अवैध पटाखा कारखानों में विस्फोट की घटनाएं पहले सामने आती रही हैं। वर्ष 2015 में पश्चिम मेदिनीपुर के पिंगला में पटाखा कारखाने में हुए विस्फोट में 10 नाबालिगों की मौत हुई थी। इन घटनाओं के बाद कई जांच समितियां बनीं और कार्रवाई के दावे भी हुए, लेकिन चंपाहाटी की ताजा घटना से अवैध पटाखा निर्माण पर प्रभावी रोक को लेकर फिर सवाल खड़े हो गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर